अमेरिका जा रहे CA के लिए गुड न्यूज, जॉब-नेटवर्किंग में हेल्प करेगा ICAI, ओहायो में खुला नया चैप्टर

ICAI Ohio Chapter: भारत में CA बनने के लिए होने वाली परीक्षा में हजारों स्टूडेंट्स हिस्सा लेते हैं। इसे सबसे कठिन एग्जाम में से एक माना जाता है। अच्छी बात ये है कि अगर एक बार आप CA बन गए, तो फिर आपके लिए चीजें आसान हो जाती हैं।

ICAI US New Chapter: क्या आप अमेरिका में चार्टर्ड अकाउंटेंट (CA) बनना चाहते हैं? अगर आपका जवाब हां है, तो फिर आपके लिए गुड न्यूज है। इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया (ICAI) ने अमेरिका के ओहायो राज्य में एक नया ओवरसीज चैप्टर खोला है। इसके साथ ही विदेश में खुलने वाले ओवरसीज चैप्टर्स की संख्या 55 हो गई है। ICAI ने 55वें ओवरसीज चैप्टर की शुरुआत के साथ अपनी अंतरराष्ट्रीय मौजूदगी का विस्तार किया है।

ये नया चैप्टर अमेरिका में ICAI का 15वां चैप्टर है और संस्थान के उस ग्लोबल नेटवर्क का हिस्सा है, जिसका मकसद विदेशों में काम कर रहे भारतीय चार्टर्ड अकाउंटेंट्स को सपोर्ट करना और विभिन्न देशों के बीच प्रोफेशनल नेटवर्किंग को बढ़ाना है। ओहायो चैप्टर खुलने के बाद अब ICAI का ग्लोबल नेटवर्क और बड़ा हो गया है। अब ये नेटवर्क 47 देशों के 85 शहरों तक फैल गया है। ICAI के पास वर्तमान में पांच क्षेत्रीय परिषदों और 186 शाखाओं के अपने घरेलू नेटवर्क भी है।

अमेरिका में ICAI के कई सारे ओवरसीज चैप्टर हैं, जिसमें ओहायो में खुला चैप्टर सबसे नया है। यहां एरिजोना, शिकागो, डलास, ह्यूस्टन, मिशिगन, न्यू इंग्लैंड, न्यू यॉर्क, फिलाडेल्फिया, सैन फ्रांसिस्को, सिएटल, वाशिंगटन डी.सी., फ्लोरिडा, अटलांटा और लॉस एंजिल्स में पहले से ही ओवरसीज चैप्टर मौजूद हैं, जो भारतीय CA की मदद करते आ रहे हैं। ओहायो चैप्टर खुलने के बाद अब ICAI के पास 55 ओवरसीज चैप्टर और 30 प्रतिनिधि कार्यालय हैं।

किस तरह मदद करेगा नया ओवरसीज चैप्टर?

  • ICAI के मुताबिक, इसके विदेशी चैप्टर भारतीय चार्टर्ड अकाउंटेंट्स को प्रोफेशनल डेवलपमेंट, नॉलेज-शेयरिंग और नेटवर्किंग के मौके तलाशने के लिए एक प्लेटफॉर्म मुहैया कराते हैं।
  • इसने कहा कि ये चैप्टर भारत में विदेशी निवेश को सुगम बनाने और दुनिया के विभिन्न हिस्सों में निवेश के अवसरों पर मार्गदर्शन देकर भारतीय बिजनेस की सहायता करने में भी मदद करते हैं।
  • ICAI ने आगे कहा कि इसके विदेशी चैप्टर और प्रतिनिधि कार्यालय CAs के लिए प्रोफेशनल नेटवर्किंग हब के रूप में काम करते हैं और भारत तथा अन्य देशों के बीच समन्वय का भी समर्थन करते हैं।
  • विदेश मंत्रालय इन चैप्टर्स को इस तरह के जुड़ाव को सुविधाजनक बनाने के लिए व्यापार केंद्रों के रूप में मान्यता देता है।

ओहियो चैप्टर का उद्घाटन न्यूयॉर्क में भारत के महावाणिज्य दूत बिनायक श्रीकांत प्रधान, IFAC USA के चीफ फाइनेंशियल और एडमिनिस्ट्रेटिव ऑफिसर हेलेन पार्टरिज, ICAI के अध्यक्ष सीए प्रसन्ना कुमार डी, उपाध्यक्ष सीए मंगेश किनारे, सचिव सीए (डॉ.) जय कुमार बत्रा और ICAI ओहियो टीम के सदस्यों की उपस्थिति में वर्चुअल रूप से किया गया।

ICAI ने 1981 में दोहा, कतर में अपना पहला विदेशी चैप्टर खोला था। संस्थान ने कहा कि यह विस्तार चार्टर्ड अकाउंटेंट्स का एक वैश्विक प्रोफेशनल नेटवर्क बनाने और अकाउंटिंग प्रोफेशन के भीतर अंतरराष्ट्रीय सहयोग को मजबूत करने के उसकी कोशिशों को दिखाता है।