जालंधर(दीपक सैनी) शहर के अलास्का चौक के पास शनिवार को हुए सड़क हादसे में स्कूटी सवार एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा इतना गंभीर था कि टक्कर के बाद स्कूटी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और व्यक्ति सड़क पर गिर पड़ा। इसी दौरान वह बस की चपेट में आ गया।
मृतक की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है। पुलिस उसकी पहचान करवाने के साथ हादसे के कारणों की जांच में जुटी है। जानकारी के मुताबिक, मृतक ग्रे रंग की स्कूटी पर सवार होकर रेलवे रोड की तरफ जा रहा था। जब वह अलास्का चौक के नजदीक पहुंचा तो एक निजी कंपनी की बस की चपेट में आ गया। टक्कर के बाद स्कूटी सड़क पर गिर गई और व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।
मौके पर पहुंची पुलिस
बताया जा रहा है कि बस की चपेट में आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के लोग घटनास्थल पर जमा हो गए। सड़क पर शव पड़ा होने और क्षतिग्रस्त स्कूटी को देखकर मौके पर काफी भीड़ लग गई। लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
मौके से मृतक की स्कूटी के साथ एक डिलीवरी बैग भी मिला है। इससे आशंका जताई जा रही है कि वह किसी कंपनी में डिलीवरी का काम करता था। हालांकि, अभी तक पुलिस की ओर से इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। मृतक की उम्र करीब 35 से 40 वर्ष के बीच बताई जा रही है।
पुलिस अब मृतक की पहचान के प्रयास कर रही है। इसके साथ ही हादसे की वास्तविक परिस्थितियों का पता लगाने के लिए घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा सकती है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि बस और स्कूटी के बीच टक्कर किस परिस्थिति में हुई और हादसे के लिए जिम्मेदार कारण क्या रहे।
फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पहचान और अन्य कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। मृतक की पहचान होने के बाद उसके स्वजनों को सूचना दी जाएगी।
