‘द व्वान’ में छठ पूजा का भव्य चित्रण, सनातन संस्कृति को बड़े पर्दे पर सम्मान देने के लिए अभिनेत्री तमन्ना भाटिया सहित पूरी टीम का आभार : दीपक सैनी

जालंधर: बॉलीवुड की आगामी फिल्म ‘द व्वान: फोर्स ऑफ द फॉरेस्ट’ के टीज़र में अभिनेत्री तमन्ना भाटिया को छठ पूजा करते हुए दिखाया गया है। फिल्म में भारतीय लोक परंपरा, आस्था और आध्यात्मिकता की झलक दिखाई देने से सनातन संस्कृति से जुड़े लोगों में खुशी का माहौल है।

इस अवसर पर दीपक सैनी ने फिल्म की अभिनेत्री तमन्ना भाटिया, निर्देशक दीपक कुमार मिश्रा तथा निर्माता शोभा कपूर, एकता आर कपूर, अरुणाभ कुमार और नीरज कोठारी सहित पूरी फिल्म टीम का धन्यवाद एवं आभार व्यक्त किया।

दीपक सैनी ने कहा कि बॉलीवुड की फिल्मों में अक्सर अलग-अलग विषयों और संस्कृतियों को स्थान दिया जाता है, लेकिन छठ पूजा जैसी महान भारतीय परंपरा को बड़े पर्दे पर सम्मानपूर्वक प्रस्तुत करना विशेष रूप से सराहनीय कदम है। छठ पूजा केवल एक पर्व नहीं, बल्कि आस्था, प्रकृति, सूर्य उपासना और पारिवारिक संस्कारों से जुड़ी महान परंपरा है।

उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश और बिहार के करोड़ों लोगों के लिए छठ पूजा आस्था और गौरव का विषय है। फिल्म के माध्यम से इस पवित्र पर्व की झलक देश-दुनिया के दर्शकों तक पहुंचना निश्चित रूप से गौरव की बात है।

दीपक सैनी ने कहा, “तमन्ना भाटिया द्वारा छठ पूजा के दृश्य को प्रस्तुत करना और फिल्म निर्माताओं द्वारा सनातन संस्कृति एवं भारतीय लोक परंपराओं को कहानी का हिस्सा बनाना सराहनीय प्रयास है। इसके लिए मैं अभिनेत्री तमन्ना भाटिया, निर्देशक दीपक कुमार मिश्रा और पूरी निर्माता टीम का हृदय से धन्यवाद करता हूं।”

उन्होंने आगे कहा कि आज जब भारतीय संस्कृति और हमारी प्राचीन परंपराओं को वैश्विक स्तर पर पहचान मिल रही है, ऐसे में सिनेमा के माध्यम से सनातन धर्म की आस्था, परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत को सम्मान मिलना प्रत्येक भारतीय के लिए गर्व का विषय है।

उन्होंने उम्मीद जताई कि ‘द व्वान’ दर्शकों को मनोरंजन के साथ-साथ भारतीय लोक परंपराओं और आध्यात्मिक विरासत से भी जोड़ने का काम करेगी।