आम आदमी पार्टी को नॉर्थ हलके में बड़ा झटका, पूर्व हलका इंचार्ज दिनेश ढल्ल भाजपा में शामिल

जालंधर: पंजाब की सियासत से इस समय बड़ी खबर सामने आ रही है। जालंधर नॉर्थ हलके में आम आदमी पार्टी को बड़ा झटका लगा है। पार्टी के पूर्व हलका इंचार्ज दिनेश ढल्ल ने आम आदमी पार्टी का साथ छोड़कर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का दामन थाम लिया है।

दिनेश ढल्ल लंबे समय तक जालंधर नॉर्थ हलके में आम आदमी पार्टी के संगठन को मजबूत करने में सक्रिय रहे। वह करीब साढ़े चार साल तक नॉर्थ हलके के इंचार्ज रहे और 2022 के विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार भी थे। चुनाव में उन्हें 32,685 वोट मिले थे।

 

हालांकि जुलाई 2026 में आम आदमी पार्टी ने संगठनात्मक बदलाव करते हुए जालंधर नॉर्थ की जिम्मेदारी मेयर वनीत धीर को सौंप दी थी और दिनेश ढल्ल को हलका इंचार्ज के पद से हटा दिया गया था।

अब दिनेश ढल्ल के भाजपा में शामिल होने से जालंधर नॉर्थ की सियासत में नए समीकरण बनने की संभावना जताई जा रही है। उनके भाजपा में जाने को आम आदमी पार्टी के लिए संगठनात्मक स्तर पर एक महत्वपूर्ण झटका माना जा रहा है।

राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि आने वाले समय में नॉर्थ हलके में दल-बदल की राजनीति और तेज हो सकती है। भाजपा में दिनेश ढल्ल की एंट्री से पार्टी को नॉर्थ हलके में अपना आधार मजबूत करने में कितना फायदा होगा, यह आने वाले दिनों में साफ होगा।