शतरंज की बिसात से खेल मैदान तक दिखा प्रतिभा का दम

शहीद-ए-आजम सरदार भगत सिंह वेलफेयर सोसायटी एवं स्पोर्ट्स क्लब के 7वें शतरंज टूर्नामेंट व एथलेटिक्स मीट में खिलाड़ियों ने दिखाया शानदार प्रदर्शन

“खेल जीवन में अनुशासन, आत्मविश्वास और सफलता की नींव रखते हैं” — एडवोकेट कृष्ण कुमार

(करतारपुर दीपक सैनी)। शहीद-ए-आजम सरदार भगत सिंह वेलफेयर सोसायटी एवं स्पोर्ट्स क्लब (रजि.), करतारपुर द्वारा आयोजित 7वें शतरंज टूर्नामेंट एवं एथलेटिक्स मीट का आयोजन दयानंद मॉडल स्कूल में उत्साह और खेल भावना के साथ किया गया। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने शतरंज, 100 मीटर दौड़ सहित विभिन्न खेल गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लिया और अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम के उद्घाटन सत्र में क्लब के चेयरमैन एडवोकेट कृष्ण कुमार ने शहीद-ए-आजम सरदार भगत सिंह के जीवन, उनके संघर्ष, देशप्रेम और युवाओं के लिए उनके आदर्शों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि भगत सिंह का जीवन आज भी युवाओं को राष्ट्रप्रेम, साहस, अनुशासन और समर्पण की प्रेरणा देता है कि खेल केवल प्रतियोगिता या पदक जीतने का माध्यम नहीं हैं, बल्कि ये व्यक्ति के संपूर्ण व्यक्तित्व के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

उन्होंने कहा कि नियमित रूप से खेलों में भाग लेने से बच्चों और युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना, निर्णय लेने की क्षमता तथा मानसिक और शारीरिक मजबूती विकसित होती है।उन्होंने कहा कि आज के डिजिटल युग में बच्चों का खेल मैदान से जुड़ना और भी आवश्यक हो गया है। खेल बच्चों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के साथ-साथ हार को स्वीकार करने और जीत को विनम्रता से लेने की सीख देते हैं।

उन्होंने विद्यार्थियों का आह्वान किया कि वे पढ़ाई के साथ खेलों को भी अपने जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाएं।
आयोजित शतरंज प्रतियोगिता में खिलाड़ियों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिली। प्रतियोगिता में आदित्य चड्ढा ने प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि लक्ष्य वाधवा ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। शिवांग ठाकुर ने तृतीय स्थान तथा तेजस तिवारी ने चतुर्थ स्थान हासिल किया।

इस शतरंज प्रतियोगिता में चीफ़ ऑर्बिटर की भूमिका नरिंदर सिंह जी ने बखूबी निभाई | प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों ने अपनी एकाग्रता, रणनीतिक सोच और निर्णय लेने की क्षमता का शानदार प्रदर्शन किया। विजेता प्रतिभागियों के प्रदर्शन की उपस्थित अतिथियों एवं आयोजकों ने सराहना की।

एथलेटिक्स मीट के अंतर्गत आयोजित 100 मीटर दौड़ में दयानंद मॉडल स्कूल के विभिन्न विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए पदक अपने नाम किए। विद्यार्थियों की खेल प्रतिभा और उत्साह ने पूरे आयोजन में जोश भर दिया। इस अवसर पर क्लब के प्रधान अमन शर्मा ने सभी प्रतिभागियों को बधाई देते हुए कहा कि प्रतियोगिताओं में भाग लेना स्वयं में एक उपलब्धि है। उन्होंने खिलाड़ियों को भविष्य में भी निरंतर मेहनत करने और खेल भावना को बनाए रखने के लिए प्रेरित किया।

उन्होंने प्रतियोगिता को सफल बनाने में सहयोग देने वाले दयानंद मॉडल स्कूल के प्रबंधन, शिक्षकों, विद्यार्थियों, अभिभावकों तथा सभी प्रतिभागियों का विशेष रूप से धन्यवाद किया।


कार्यक्रम को सफल बनाने में क्लब की पूरी टीम का महत्वपूर्ण योगदान रहा। क्लब के उपाध्यक्ष अजित पाल सिंह नांदरा, नरिंदर सिंह एवं भीम शर्मा, कोषाध्यक्ष शेली महाजन तथा सचिव एडवोकेट मनमोहन शर्मा, रंजना शर्मा , निशा, हिमांशु कुमार  ओर मोनिका आदि  ने आयोजन की व्यवस्थाओं में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। एडवोकेट मनमोहन शर्मा दयानंद मॉडल स्कूल के मैनेजिंग डायरेक्टर (MD) भी हैं।आयोजकों ने कहा कि शहीद-ए-आजम सरदार भगत सिंह के आदर्शों से प्रेरणा लेते हुए युवाओं को खेल, शिक्षा, अनुशासन और राष्ट्रसेवा के प्रति जागरूक करना संस्था का प्रमुख उद्देश्य है। इस प्रकार के आयोजनों से युवा प्रतिभाओं को अपनी क्षमता प्रदर्शित करने के साथ-साथ स्वस्थ प्रतिस्पर्धा और खेल भावना को समझने का अवसर मिलता है।